
कोरबा। जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में आगामी वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर संकुल स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक संकुल केंद्र सिमगा एवं गडरा अंतर्गत आने वाले विद्यालयों के लिए आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी, शैक्षणिक प्रगति और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता संकुल प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने की।
बैठक में आगामी आयोजित होने वाली कक्षा 1, 2, 3, 4, 6, 7, 9 और 11वीं की स्थानीय वार्षिक परीक्षाओं तथा कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। संकुल प्राचार्य श्री सिंह ने बताया कि कक्षा 5वीं की केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा 17 मार्च 2026 से तथा कक्षा 8वीं की परीक्षा 18 मार्च 2026 से प्रारंभ होगी। वहीं कक्षा 9वीं एवं 11वीं की स्थानीय वार्षिक परीक्षा 25 मार्च 2026 से आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी विद्यालयों के प्रधान पाठकों एवं शिक्षकों को परीक्षा आयोजन की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा संचालन करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान विद्यार्थियों की सतत शैक्षणिक उन्नति को केंद्र में रखते हुए शिक्षण व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। प्राचार्य श्री सिंह ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यालयों में नियमित उपस्थिति, समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण करने तथा बच्चों को परीक्षा के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने पर जोर दिया।

संकुल स्तरीय बैठक में विभागीय एजेंडा के अंतर्गत छात्रवृत्ति भुगतान, छात्रवृत्ति की पूर्णता एवं अपूर्णता की स्थिति, अपूर्णता के कारणों की जानकारी कक्षावार सूची सहित प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र की उपलब्धता, लंबित दस्तावेजों की स्थिति तथा शाला स्तर पर आवश्यक प्रशासनिक कार्यों की भी समीक्षा की गई।
इसके अलावा 13 मार्च, 16 मार्च और 17 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले एम.बी.वी. कैम्प की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। प्राचार्य श्री सिंह ने सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देशित किया कि कैम्प के आयोजन में विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। बैठक में तम्बाकू मुक्त शाला अभियान की जानकारी, विद्यालय परिसर में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के लिए भी विशेष चर्चा की गई।
बैठक का एक महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पालकों के साथ पृथक बैठक आयोजित कर विद्यार्थियों की शिक्षा से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान पालकों को बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने, नियमित विद्यालय भेजने और परीक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों में सरपंचगण, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, पालकगण, व्याख्याता, संकुल समन्वयक, प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठक तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने एकजुट होकर विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने का संकल्प लिया




















