
कोरबा, 08 मई 2026/ जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कुणाल दुदावत एवं सिद्धार्थ तिवारी ने शुक्रवार को कटघोरा-चोटिया नेशनल हाईवे-130 के संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने ग्राम बंजारी, मड़ई मोड़, लमना से लेकर चोटिया तक सड़क मार्ग का बारीकी से अवलोकन करते हुए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में तत्काल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए वाहनों की गति नियंत्रण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मोड़ों एवं अंधे मोड़ों पर वाहन चालकों को सतर्क करने हेतु मोड़ से 25 से 50 मीटर पहले रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए। साथ ही घाट एवं घुमावदार क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने कहा।
निरीक्षण के दौरान मड़ई मोड़ एवं चोटिया घाट क्षेत्र के अंधेरे वाले स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने, सोलर स्टड एवं कैट आई लगाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने रोड स्टड, रिफ्लेक्टर, रेडियम संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड लगाने पर भी विशेष जोर दिया ताकि रात्रि के समय वाहन चालकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश मिल सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन के समन्वित प्रयासों की आवश्यकता बताते हुए कहा कि लोगों की जान बचाना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं एसपी ने मनोज कुमार को पुलिस, नेशनल हाईवे, परिवहन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम बनाकर रात्रिकालीन निरीक्षण करने के निर्देश दिए। यह टीम रात के समय सड़क की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर ऐसे स्थानों को चिन्हित करेगी जहां दुर्घटनाओं की आशंका अधिक रहती है।

इसके साथ ही ग्रामीण सड़कों के मुख्य मार्ग से जुड़ने वाले स्थानों पर आवश्यक स्पीड ब्रेकर निर्माण करने के निर्देश भी दिए गए ताकि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण रखा जा सके।
निरीक्षण के दौरान तन्मय खन्ना, सुमन मानिकपुरी, थाना प्रभारी, परिवहन विभाग के अधिकारी एवं नेशनल हाईवे प्राधिकरण के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की यह सक्रिय पहल आम नागरिकों के लिए राहत एवं विश्वास का संदेश लेकर आई है। शासन-प्रशासन द्वारा किए जा रहे यह प्रयास निश्चित रूप से सड़क हादसों में कमी लाने एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कटघोरा-चोटिया एनएच-130 पर सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट कलेक्टर कुणाल दुदावत और एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने किया ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण, दुर्घटना रोकने सख्त निर्देश">




















