
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 7 मई 2026।
जिले के प्रशासनिक तंत्र को नई दिशा देने की उम्मीदों के बीच भारतीय प्रशासनिक सेवा की वर्ष 2016 बैच की अधिकारी पद्मिनी भोई साहू ने गुरुवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित औपचारिक प्रक्रिया के दौरान उन्होंने वित्तीय प्रभार से संबंधित रजिस्टर में हस्ताक्षर कर जिले की प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाली।
पदभार ग्रहण के अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जिला पंचायत सीईओ, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नई कलेक्टर का स्वागत करते हुए जिले के विकास कार्यों और प्रशासनिक योजनाओं की जानकारी साझा की।
आईएएस पद्मिनी भोई साहू इससे पूर्व संचालक कोष एवं लेखा, संचालक पेंशन तथा पंजीयक फर्म एवं संस्थाएं जैसे महत्वपूर्ण विभागों में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। प्रशासनिक अनुभव, वित्तीय प्रबंधन एवं कार्यकुशलता के लिए उनकी पहचान रही है। ऐसे में उनके नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पदभार ग्रहण के बाद कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों से संक्षिप्त चर्चा करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण, पारदर्शिता और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
जिले में नई कलेक्टर की नियुक्ति को प्रशासनिक मजबूती और विकास कार्यों में तेजी के रूप में देखा जा रहा है। आमजन, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले में नई ऊर्जा एवं बेहतर कार्यसंस्कृति की उम्मीद दिखाई दे रही है।



















