
कोरबा, 04 फरवरी 2026।
शिक्षा को हर वर्ग तक पहुंचाने के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए पं. सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय, बिलासपुर द्वारा जनवरी–दिसंबर 2026 सत्र के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। यह अवसर विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है, जो किसी कारणवश नियमित शिक्षा से वंचित रह गए हैं या अपने शैक्षणिक सफर को पुनः आगे बढ़ाना चाहते हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा इस सत्र में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र स्तर के अनेक रोजगारोन्मुखी एवं गुणवत्तापूर्ण पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुक्त विश्वविद्यालय प्रणाली के अंतर्गत विद्यार्थियों को लचीली अध्ययन व्यवस्था, घर बैठे पढ़ाई की सुविधा एवं स्व-अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जिससे कार्यरत युवक-युवतियां, गृहिणियां एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी उच्च शिक्षा से जुड़ सकें।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि प्रवेश से संबंधित समस्त जानकारी, पाठ्यक्रम विवरण, पात्रता, शुल्क एवं समय-सीमा आदि विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट PSSOU पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन अथवा मार्गदर्शन के लिए निकटतम अध्ययन केंद्र में भी संपर्क कर सकते हैं।
कोरबा जिले में इच्छुक विद्यार्थी पं. सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय अध्ययन केंद्र, पुराना आरटीओ कार्यालय (वर्तमान में एनसीसी बटालियन परिसर के समीप) में जाकर प्रत्यक्ष रूप से जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं। यहां विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रम चयन एवं अध्ययन संबंधी संपूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
अधिक जानकारी अथवा सहायता के लिए अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 7067043721 पर संपर्क कर सकते हैं। विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर एक मजबूत कदम बढ़ाएं।


















