
कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पिकनिक स्थल झोराघाट में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। परिवार के साथ पिकनिक मनाने गए एक युवक की नदी के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटघोरा मेन रोड निवासी अलाउद्दीन, पिता ताजुद्दीन, अपने परिवार के साथ छुट्टी का आनंद लेने झोराघाट पहुंचे थे। दोपहर के समय परिवार के सदस्य नदी किनारे समय बिता रहे थे, तभी अलाउद्दीन नहाने के लिए पानी में उतरा। बताया जा रहा है कि वह अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते वह पानी में डूब गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया। परिजन उसे लेकर हरि कृष्ण हॉस्पिटल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में गमगीन माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के परिवार ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही और आपातकालीन सुविधा समय पर उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। इस बात को लेकर अस्पताल परिसर में कुछ समय तक तनाव और हंगामे की स्थिति भी बनी रही। स्थानीय लोगों ने भी स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की।
बताया जा रहा है कि अलाउद्दीन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। परिवार का इकलौता सहारा छिन जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गौरतलब है कि झोराघाट क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बरसात और गर्मी के मौसम में यहां नदी का जलस्तर बढ़ने तथा चट्टानों के बीच गहरे गड्ढे होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि पिकनिक स्थलों पर सतर्कता बरतें, गहरे पानी में जाने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

झोराघाट में पिकनिक की खुशियां मातम में बदली, इकलौते बेटे की डूबने से मौत">



















