
कबीरधाम (कवर्धा), 1 फरवरी।
छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपरा और कला का जीवंत उदाहरण इस वर्ष ग्राम झिरना में आयोजित प्रसिद्ध झिरना मेला (माघी पूर्णिमा मेला) में देखने को मिला। माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर लगने वाले इस ऐतिहासिक मेले में जनसैलाब उमड़ा और पूरा वातावरण भक्ति, उल्लास व सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया।
मेले का प्रमुख आकर्षण छत्तीसगढ़ की लोकप्रिय लोक गायिका सुश्री आरू साहू की सुमधुर लोक गायन प्रस्तुति रही। उनकी मधुर आवाज और पारंपरिक गीतों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीत-संगीत के बीच लोक कला का भी अनूठा प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने मेले को और खास बना दिया।
इसी अवसर पर भोरमदेव आदिवासी चितेरे फाउंडेशन की प्रतिभाशाली बेटियों ने लोक गायिका आरू साहू को सुपा कला में निर्मित एक आकर्षक और अनोखी पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया। यह विशेष पेंटिंग सुपा आर्ट की कुशल कलाकार राजमती विश्वकर्मा, खुशबू विश्वकर्मा एवं दिव्या विश्वकर्मा द्वारा संयुक्त रूप से तैयार की गई थी। पेंटिंग में लोक संस्कृति, परंपरा और कलात्मक सौंदर्य का सुंदर समावेश देखने को मिला।

इस अनोखी भेंट को पाकर लोक गायिका आरू साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की विशिष्ट और पारंपरिक कलाकृति उन्हें पहली बार प्राप्त हुई है। उन्होंने भोरमदेव आदिवासी चितेरे फाउंडेशन की कलाकार बहनों की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
गौरतलब है कि सुपा कला की जानी-मानी कलाकार राजमती विश्वकर्मा, मोहतरा कला की निवासी हैं और भोरमदेव आदिवासी चितेरे फाउंडेशन की डायरेक्टर एवं अंतरराष्ट्रीय कला गुरु हैं। वे अपने गुरु एवं सरपंच श्रीमती वर्षा निलेश चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में भारत भवन भोपाल सहित कई राष्ट्रीय मंचों पर कला प्रदर्शनियां लगा चुकी हैं। इसके साथ ही वे गांव-गांव की बेटियों को सुपा आर्ट का प्रशिक्षण देकर आदिवासी कला को नई पहचान दिला रही हैं।
फाउंडेशन के डायरेक्टर ने भी कलाकार बहनों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आदिवासी कला, लोक संस्कृति और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। झिरना मेला इस बार लोक कला और लोक स्वर के संगम का यादगार प्रतीक बनकर उभरा।

झिरना मेले में लोक कला और लोक स्वर का अद्भुत संगम चितेरे फाउंडेशन की बेटियों ने लोक गायिका आरू साहू को भेंट की सुपा कला की अनोखी पेंटिंग ">

















