
कोरबा | 26 जनवरी 2026
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कोरबा जिले में आयोजित भव्य जिला स्तरीय मुख्य समारोह में प्रशासनिक सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस गरिमामय अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने अपने करकमलों से उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मान प्रदान किया।
इसी क्रम में जिला जनसंपर्क कार्यालय कोरबा में कार्यरत जिला समन्वयक श्री आशुतोष गौरहा को उनके सराहनीय, समर्पित एवं प्रभावशाली कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और अभियानों के सफल प्रचार-प्रसार में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका के लिए शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किया गया।
श्री आशुतोष गौरहा द्वारा जिले में संचालित शासकीय योजनाओं और प्रशासनिक गतिविधियों को आम जनता तक समयबद्ध, सटीक और प्रभावी रूप से पहुँचाने हेतु निरंतर कार्य किया गया। विशेष रूप से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से उन्होंने विभिन्न शासकीय अभियानों, जनसम्पर्क कार्यक्रमों, शिविरों, विकास कार्यों एवं जिला प्रशासन के आयोजनों की व्यापक कवरेज कर सूचना संप्रेषण को और अधिक सशक्त बनाया।
उनकी कार्यशैली की विशेषता यह रही कि अवकाश के दिनों में भी वे अपने दायित्वों के प्रति पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सक्रिय रहे। समाचार संकलन, फोटो-वीडियो कवरेज, कंटेंट निर्माण और त्वरित प्रसारण के माध्यम से उन्होंने शासन-प्रशासन की सकारात्मक छवि को सुदृढ़ करने में उल्लेखनीय योगदान दिया।
सम्मान प्रदान करते हुए मुख्य अतिथि श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि जनसंपर्क विभाग शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है। इस विभाग में कार्यरत ऐसे कर्मियों का सम्मान अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरित करता है और प्रशासनिक पारदर्शिता को मजबूती देता है।
सम्मान प्राप्त होने पर श्री आशुतोष गौरहा ने इसे जिला प्रशासन और जनसंपर्क टीम के सहयोग का परिणाम बताते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर मिला यह सम्मान उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बना।


















