
सारंगढ़–बिलाईगढ़ (छ.ग.)
क्षेत्र में वर्षों से ईमानदारी से व्यापार कर रहे महाजनों के खिलाफ सुनियोजित षड्यंत्र का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सामने आए लिखित आवेदनों और दस्तावेज़ी चित्रों से यह स्पष्ट होता है कि कुछ लोगों द्वारा अपने निजी आर्थिक संकट से उबरने के लिए निर्दोष व्यापारियों को बदनाम करने की साजिश रची गई।
प्राप्त दस्तावेज़ों के अनुसार, गांव-गांव और शहरों में महाजनों के नाम, फोटो और मोबाइल नंबर के साथ भ्रामक पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर व्हाट्सएप स्टेटस के माध्यम से वायरल किया गया, जिससे समाज में उनकी छवि को गंभीर क्षति पहुंची। यह कृत्य न केवल सामाजिक अपराध है, बल्कि व्यापारिक साख को नष्ट करने की साजिश भी है।
आवेदन में यह भी उल्लेख है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा कथित धार्मिक गतिविधियों और बीमारी का सहारा लेकर सहानुभूति बटोरी गई, जबकि उसी आड़ में व्यापारियों को गली-गली बदनाम करने का कार्य किया गया। दस्तावेज़ों में साफ तौर पर दर्शाया गया है कि किस प्रकार पूजा-पाठ, तांत्रिक क्रियाओं और धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर आर्थिक लाभ लेने की कोशिश की गई।
महाजनों का कहना है कि वे वर्षों से कपड़ा व्यापार जैसे प्रतिष्ठित व्यवसाय से जुड़े हैं और सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी उनसे जुड़ी हुई है। इस तरह के झूठे आरोप और पोस्टरबाजी से न केवल उनका व्यापार प्रभावित हुआ, बल्कि समाज में उनका सम्मान भी ठेस पहुँची है।
दस्तावेज़ी साक्ष्य यह भी दर्शाते हैं कि एकतरफा कहानी गढ़कर स्वयं को पीड़ित दिखाने का प्रयास किया गया, जबकि वास्तविकता यह है कि महाजनों को मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया गया। यह सीधा-सीधा ब्लैकमेलिंग और दबाव बनाने की कोशिश मानी जा रही है।
महाजनों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि ऐसे कृत्यों को हल्के में न लिया जाए। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में कोई भी ईमानदार व्यापारी सुरक्षित नहीं रहेगा।
क्षेत्र के व्यापारिक संगठनों ने भी इस मामले में एकजुटता दिखाते हुए कहा है कि बिना जांच, बिना सबूत किसी की तस्वीर और नाम सार्वजनिक करना कानूनन अपराध है और ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए।
अब यह मामला प्रशासन और कानून व्यवस्था की परीक्षा है कि क्या दस्तावेज़ों में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई होती है या फिर ईमानदार व्यापारियों को यूं ही बदनाम होने दिया जाएगा।


















