
रायपुर, 14 दिसंबर
थाना गोबरा नवापारा क्षेत्र से एक हृदयविदारक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहाँ आपसी विवाद के दौरान एक पुत्र ने अपने ही पिता पर प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 04, कोढ़ीपारा, डीडी नगर गोबरा नवापारा निवासी संतोष साहू (42 वर्ष), पिता स्वर्गीय बुटीराम साहू पर दिनांक 11 दिसंबर 2025 को उनके पुत्र राहुल साहू (21 वर्ष) ने आपसी विवाद के चलते लोहे की धारदार हंसिया से हमला कर दिया। हमले में संतोष साहू को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान हो गए।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल संतोष साहू को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल (मेकाहारा), रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान 13 दिसंबर 2025 की तड़के लगभग 2 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
मृत्यु की सूचना पर थाना गोबरा नवापारा में मर्ग क्रमांक 94/2025 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच प्रारंभ की गई। पुलिस द्वारा शव पंचनामा, गवाहों के कथन एवं चिकित्सकीय रिपोर्ट के अवलोकन के बाद प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी पुत्र राहुल साहू ने ही जानलेवा हमला किया था। इसके आधार पर थाना गोबरा नवापारा में अपराध क्रमांक 481/2025 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी राहुल साहू को अभिरक्षा में लेकर सघन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार लोहे की हंसिया (लकड़ी के बेंट सहित) तथा घटना के समय पहनी गई खून के धब्बों से सनी जैकेट को विधिवत जप्त किया।
पुलिस ने आरोपी राहुल साहू, पिता संतोष साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04 कोढ़ीपारा नवापारा, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर रायपुर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना गोबरा नवापारा के उप निरीक्षक सुनील कश्यप, सहायक उप निरीक्षक गुलाब सिन्हा, आरक्षक कशान रज़ा एवं आरक्षक सुदीप मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।


















