
कोरबा। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार इतवारी बाजार में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ बिजली वितरण कंपनी द्वारा किए जा रहे कार्य के दौरान एक गंभीर लापरवाही सामने आई। सर्विस वायर बदलने के दौरान अचानक विद्युत सप्लाई चालू हो जाने से एक बड़ी दुर्घटना होते–होते टल गई। मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से एक एक्टिवा स्कूटर आग की चपेट में आने से बच गया और चालक भी सुरक्षित निकल आया। इस घटना के बाद बिजली व्यवस्था और सुरक्षा इंतज़ामों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, बिजली वितरण कंपनी के श्रमिक इतवारी बाजार क्षेत्र में सर्विस वायर चेंज करने का काम कर रहे थे। सामान्यतः इस तरह के कार्यों के दौरान बिजली सप्लाई को बंद रखा जाता है, ताकि कर्मचारियों के साथ ही आम नागरिकों की सुरक्षा बनी रहे। लेकिन बताया जा रहा है कि कार्य चल ही रहा था कि अचानक से विद्युत सप्लाई चालू कर दी गई। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे एक्टिवा चालक ने जैसे ही चिंगारियां उठती देखी, तुरंत अपनी गाड़ी को किनारे खींच लिया। स्थानीय लोगों की मदद से स्कूटर को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, जिससे वह आग की चपेट में आने से बच गया।

इस घटना के गवाह कुछ लोगों ने बताया कि श्रमिकों ने सुरक्षा के नाम पर केवल ग्लव्स पहन रखे थे, जबकि ऐसे संवेदनशील और जोखिम भरे काम में हेलमेट, रबर मैट, सुरक्षा बेल्ट, इंसुलेटेड टूल्स और पर्याप्त सावधानी आवश्यक मानी जाती है। सुरक्षा मानकों की ऐसी अनदेखी केवल कर्मचारियों के लिए ही नहीं, बल्कि आम लोगों के लिए भी बड़ा खतरा है।
इत्वारी बाजार के व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि कोरबा में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। बिजली विभाग द्वारा कार्य के दौरान लापरवाही बरतने से कई बार गंभीर हादसे हुए हैं, इसके बावजूद सुरक्षा उपायों में सुधार पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। लोगों ने मांग की है कि इस घटना की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में बिजली संबंधी कार्यों में पारदर्शिता और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। यदि समय रहते जांच और सुधार नहीं किए गए, तो आने वाले समय में बड़ी दुर्घटनाएँ होना तय है। फिलहाल एक्टिवा चालक की सूझबूझ और आसपास मौजूद लोगों की मदद से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने बिजली वितरण कंपनी की व्यवस्था पर कई सवाल छोड़ दिए हैं।


















