
कोरबा, 08 नवंबर
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने शुक्रवार, 7 नवम्बर को अपना 75वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह और सेवा-भाव के साथ मनाया। इस खास अवसर पर स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों, बैंकों और संस्था प्रमुखों को फ्लैग स्टिकर लगाकर राष्ट्रसेवा और सामाजिक योगदान का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने फंडरेजिंग कर स्काउटिंग की परंपरागत सेवा भावना को मजबूत किया।
हर वर्ष राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली द्वारा स्थापना दिवस पर विशेष फ्लैग स्टिकर जारी किया जाता है, जिसका उपयोग फंडरेजिंग के लिए किया जाता है। इसी क्रम में कोरबा जिले में दो दलों ने सुबह से ही सक्रिय होकर प्रशासनिक कार्यालयों, बैंकों व संस्थानों में अधिकारियों और कर्मचारियों का अभिवादन करते हुए फ्लैग स्टिकर लगाया।
फंडरेजिंग के दौरान प्राप्त राशि का हिस्सा जिला, राज्य और राष्ट्रीय मुख्यालय तक पहुंचता है, जिसका उपयोग स्काउटिंग के विकास, प्रशिक्षण और कल्याणकारी कार्यों में किया जाता है।

इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर टी.आर. भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर उपाध्याय, जिला मुख्य आयुक्त मोहम्मद सादिक शेख समेत कई अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्काउट्स–गाइड्स की इस पहल की सराहना की। एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने विद्यार्थियों से विशेष संवाद करते हुए कहा कि स्काउटिंग युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सेवा का भाव विकसित करती है, जो समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
पूरे दल का नेतृत्व डीओसी (गाइड) उत्तरा मानिकपुरी ने किया। उनके साथ रोवर लीडर राजीव साहू, जगन्नाथ सिंह, गाइड केप्टिन अंकिता सामल, सीनियर रोवर चेतन, मिनेश, निलेश, राकेश, खिलेश्वर, सीनियर रेंजर पलक पटेल, रेंजर मनिषा, प्रियंका, मौली, सानिया, सरस्वती, कोमल, अदिति, असिका, अंजली, भूमिका, दिशा, भूमिका खुटे, प्रज्ञा, वर्षा, दामिनी सहित दर्जनों सदस्य शामिल रहे।
स्थापना दिवस का यह आयोजन न सिर्फ स्काउट्स–गाइड्स की परंपरा को दोहराता है, बल्कि युवाओं की समाज के प्रति जागरूकता और समर्पण का बेहतरीन उदाहरण भी प्रस्तुत करता है। इस सेवा–समर्पण की भावना ने कोरबा में स्थापना दिवस को वास्तव में स्मरणीय और प्रभावशाली बना दिया।


















