
नई दिल्ली, 1 नवंबर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़, हरियाणा, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, पंजाब, पुडुचेरी और लक्षद्वीप सहित अन्य राज्यों को उनके स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर संदेश जारी कर कहा, “इन सभी प्रदेशों ने भारत की प्रगति और समृद्धि में उल्लेखनीय योगदान दिया है। मेरी कामना है कि ये राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी विकास यात्रा में निरंतर नए आयाम स्थापित करते रहें।” उन्होंने सभी प्रदेशवासियों की समृद्धि, कल्याण और सुख-शांति के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
राष्ट्रपति के संदेश के बाद देशभर में विभिन्न राज्यों के नेताओं और नागरिकों ने भी एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक्स पोस्ट में लिखा, “आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु, पंजाब, केरल और मध्य प्रदेश के लोगों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई।”
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि यह दिन राज्य की वीरता, परिश्रम और समर्पण की प्रतीक है। उन्होंने लिखा, “हरियाणा के किसानों ने देश को अन्न का भंडार दिया, खिलाड़ियों ने विश्व पटल पर तिरंगा फहराया और सैनिकों ने सीमाओं की रक्षा में शौर्य का परिचय दिया। आज हरियाणा शिक्षा, खेल और औद्योगिक विकास में अग्रणी है।”
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “सभी राज्य ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।” उन्होंने प्रदेशों के विकास, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी इस अवसर पर बधाई संदेश जारी किया। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ समेत सभी प्रदेश निरंतर समृद्धि, सद्भाव और विकास के नए आयाम स्थापित करें। आइए, हम स्वदेशी को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।”
1 नवंबर का दिन देश के कई राज्यों के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। इसी दिन वर्ष 1956 में राज्य पुनर्गठन अधिनियम के तहत आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, पंजाब और अन्य राज्यों का गठन हुआ था। वहीं वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना हुई थी।


















