
जांजगीर-चांपा, 28 अक्टूबर 2025
चौकी नैला क्षेत्र के ग्राम सिवनी निवासी अमर शहीद रामशंकर पाण्डेय की शहादत को नमन करते हुए आज श्रद्धा और सम्मान से ओतप्रोत श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा तथा देशप्रेम को नमन किया।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और चौकी नैला प्रभारी सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में किया गया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान शहीद रामशंकर पाण्डेय के 2 नवम्बर 2007 के उस बलिदान दिवस को याद किया गया, जब उन्होंने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए वीरगति प्राप्त की थी।
इस अवसर पर ग्राम सिवनी के सरपंच रघुवीर बरेठ, गणमान्य नागरिक दिले राठौर, विकास मिश्रा, संतोष राठौर, सुरेश यादव, राजू राठौर, संजय राठौर, रमेश यादव, बसंत राठौर और बंटी राठौर सहित अनेक ग्रामीणों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
चौकी नैला पुलिस से सहायक उपनिरीक्षक शेख सफी उल्लाह, प्रधान आरक्षक रूद्रनारायण कश्यप, प्रधान आरक्षक राधेश्याम पूर्णा, सतीष राणा एवं आरक्षक द्वारिका साहू ने भी उपस्थित होकर शहीद को नमन किया।
सभी ने एक स्वर में कहा कि शहीद रामशंकर पाण्डेय का बलिदान अमर है, उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। ग्रामवासियों ने यह भी संकल्प लिया कि शहीद की स्मृति को सदा सजीव रखा जाएगा और उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज व राष्ट्र की सेवा की जाएगी।
शहीद की प्रतिमा पर उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण था कि सच्चे वीर कभी नहीं मरते — वे जनमानस के दिलों में सदा जीवित रहते हैं।


















