
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 26 अक्टूबर 2025 कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे रविवार को सुबह 11 बजे सारंगढ़ स्थित आशा निकेतन वृद्धाश्रम का निरीक्षण करने पहुंचे। इस वृद्धाश्रम का संचालन इसी माह से प्रारंभ किया गया है। कलेक्टर ने वृद्धाश्रम में प्रवेश कर सभी निवासियों से बारी-बारी उनके परिवार, बच्चों, स्वास्थ्य, दवा, नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था और जीवन की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने अपना परिचय दिया और वृद्धजनों के साथ संवाद कर उनके मन की बातें सुनी।
वृद्धजनों ने कलेक्टर के इस सानिध्य में दो बार उनके बीच समय बिताने पर खुशी जाहिर की और वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं पर संतोष प्रकट किया। कलेक्टर ने वृद्धाश्रम के रसोई और भंडारण कक्ष का अवलोकन किया, भोजन, दाल-भात और सब्जियों की गुणवत्ता तथा साफ-सफाई की जांच की। इस अवसर पर सभी वृद्धजनों को मिठाई वितरण कर कलेक्टर ने उनका मनोबल बढ़ाया।
कलेक्टर के साथ चौपालनुमा संवाद में वृद्धजनों ने नलकूप खनन, पेंशन दिलाने और तीर्थ यात्रा करने की इच्छा व्यक्त की। कलेक्टर ने सभी इच्छाओं को पूरा करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान घनश्याम वैष्णव ने श्रीरामजी का भजन और किशोर कुमार का गीत ‘‘कोरा कागज था मन मेरा’’ प्रस्तुत किया, जबकि श्यामनंद बारीक ने ओडिया गीत गाकर आनंद बढ़ाया। नगर के बबली सुल्तानिया और उनकी बेटी ने वृद्धजनों को सप्रेम दान दिया।

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के नेतृत्व में सारंगढ़ नगरपालिका के खाली पड़े भवन का जीर्णोद्धार कर इसे अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आशा निकेतन वृद्धाश्रम के रूप में आरंभ किया गया। वर्तमान में वृद्धाश्रम में 25 सीटर क्षमता के अनुसार 14 वृद्धजन रह रहे हैं, जो सारंगढ़, बिलाईगढ़, रायगढ़ और पड़ोसी जिलों के निवासी हैं। योजना अनुसार 11 और निराश्रित वृद्धजनों को भी भर्ती किया जाएगा।
वृद्धाश्रम में समाज कल्याण विभाग के निर्देशानुसार वृद्धजनों की देखरेख में भोजन, स्वास्थ्य और नर्सिंग सुविधा सुनिश्चित की गई है। सुबह नाश्ता, दोपहर का भोजन, शाम का नाश्ता और रात का खाना नियमित रूप से दिया जाता है। नर्स प्रतिदिन चेकअप करती हैं और स्वास्थ्य समस्याओं का निराकरण करती हैं। कार्तिक माह में कार्तिक पुराण का नियमित पाठ दोपहर 3 से 5 बजे तक किया जाता है, जिसमें घनश्याम वैष्णव वृद्धजनों को प्रवचन देकर धार्मिक माहौल प्रदान करते हैं।
जनसंपर्क विभाग के कला जत्था दल द्वारा सरकारी योजनाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संक्षिप्त प्रदर्शन नृत्य-गीत के माध्यम से किया जाता है। इस तरह वृद्धजनों को धार्मिक, पारिवारिक और सामाजिक माहौल का अनुभव हो रहा है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे की संवेदनशीलता और सक्रिय नेतृत्व के कारण आशा निकेतन वृद्धाश्रम समाज के निराश्रित वरिष्ठजनों के लिए सम्मान और सुविधा का केंद्र बन गया है।
इस पहल से यह स्पष्ट होता है कि कलेक्टर का दृष्टिकोण केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक कल्याण की दिशा में भी अग्रसर है। उनके प्रयासों से वृद्धजनों का जीवन सुरक्षित, सम्मानजनक और खुशहाल बन रहा है, जिससे सारंगढ़ में समाज कल्याण के क्षेत्र में एक नई मिसाल स्थापित हुई है।


















