
कोरबा/कटघोरा।
रविवार को झोराघाट पिकनिक स्पॉट में उस समय हड़कंप मच गया, जब कटघोरा पुलिस ने अचानक सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले बाइक चालकों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी। पिकनिक मनाने पहुंचे लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि कटघोरा पुलिस आम जनता की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।
झोराघाट पिकनिक स्पॉट में रविवार होने के कारण बड़ी संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान कई युवक तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए, बिना सायलेंसर फर्राटेबाजी करते हुए तथा तीन सवारी बैठाकर स्टंट करते नजर आए। कुछ युवक शराब के नशे में भी वाहन चलाते पाए गए, जिससे वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा था।

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने पुलिस टीम के साथ मोर्चा संभाला।
थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में गठित कटघोरा पुलिस टीम ने झोराघाट क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। पुलिस ने तेज रफ्तार वाहन चलाने, बिना सायलेंसर बाइक दौड़ाने, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर तत्काल चालानी कार्रवाई की।

कटघोरा पुलिस की इस मुस्तैद कार्रवाई में कुल 23 दोपहिया वाहन चालकों पर चालान किया गया और नियम तोड़ने वालों से जुर्माना वसूला गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से फर्राटेबाजी करने वाले बाइक चालकों में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालक पुलिस को देखकर रास्ता बदलते और मौके से निकलने की कोशिश करते नजर आए।
थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी की कार्यशैली और सक्रियता को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष सराहना देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि थाना प्रभारी तिवारी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर कानून व्यवस्था को मजबूत करने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने का कार्य कर रहे हैं। उनकी सख्ती के कारण सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक तत्वों और स्टंटबाज युवकों में भय का माहौल बना हुआ है।
थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि झोराघाट सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों और मुख्य मार्गों पर आगे भी लगातार वाहन जांच अभियान जारी रहेगा।
उन्होंने युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि बिना लाइसेंस वाहन चलाना, शराब पीकर ड्राइविंग करना और स्टंटबाजी करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह खुद की और दूसरों की जान को खतरे में डालने जैसा है।

थाना प्रभारी ने अभिभावकों से भी विशेष अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन चलाने की अनुमति न दें। यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते पाया गया तो वाहन मालिक और परिजनों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कटघोरा पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई को आम नागरिकों ने खुलकर सराहा है। लोगों का कहना है कि पिकनिक स्पॉट और सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की नियमित कार्रवाई से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में कटघोरा पुलिस जिस जिम्मेदारी, सतर्कता और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है, वह क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल मानी जा रही है।

झोराघाट में कटघोरा पुलिस का सख्त एक्शन : थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में फर्राटेबाजों पर बड़ी कार्रवाई">


















