
कोरबा, 10 मई 2026। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 की घोषणा के साथ ही जिले के संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो गई है। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कोरबा ने मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट (एमसीसी) समितियों का गठन किया है।
नगर पालिका परिषद दीपका के लिए गठित समिति में संबंधित अनुविभागीय अधिकारी को अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में लोक निर्माण विभाग, विद्युत मंडल, पुलिस, राजस्व तथा नगर पालिका के वरिष्ठ अधिकारियों को सदस्य एवं संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी प्रकार जनपद पंचायत कोरबा, करतला, कटघोरा, पाली एवं पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्रों में भी एमसीसी समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों के अध्यक्ष संबंधित अनुविभागीय अधिकारी होंगे, जबकि मुख्य कार्यपालन अधिकारी संयोजक के रूप में कार्य करेंगे। समिति में लोक निर्माण विभाग, विद्युत मंडल, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, पुलिस, राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल किए गए हैं।
ये समितियां निर्वाचन घोषणा के बाद प्रत्येक तीन दिन में बैठक कर क्षेत्र की स्थिति की समीक्षा करेंगी तथा आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करेंगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने हेतु किसी भी प्रकार की अनियमितता पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।



















