
रायपुर, 07 मई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सामाजिक समरसता और जनकल्याण की दिशा में एक और ऐतिहासिक पहल देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 8 मई को प्रदेश के सभी जिलों में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे, जहां 2300 से अधिक जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। पूरे प्रदेश में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस सामूहिक विवाह समारोह की सबसे खास बात यह है कि इसमें विभिन्न धर्मों और समुदायों के जोड़े अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह करेंगे। हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध सहित विशेष पिछड़ी जनजातियों के जोड़ों की सहभागिता छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता की मिसाल पेश करेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह केवल विवाह कार्यक्रम नहीं, बल्कि समानता, सम्मान और सामाजिक समरसता का महोत्सव है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह की चिंता को इस योजना ने सम्मान और विश्वास में बदलने का कार्य किया है। शासन की यह संवेदनशील पहल समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित कर रही है।
उल्लेखनीय है कि 10 फरवरी 2026 को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 6,412 जोड़े विवाह बंधन में बंधे थे, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया।
योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित दंपति को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े के मार्गदर्शन में सभी जिलों में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि आयोजन गरिमामय और यादगार बन सके।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : आज पूरे छत्तीसगढ़ में गूंजेंगी शहनाइयां, 2300 से अधिक जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में">

















