
कोरबा, 07 मई 2026।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में कोरबा जिले में गुरुवार को सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में “चावल उत्सव” का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस पहल का उद्देश्य राशनकार्डधारी हितग्राहियों को समय पर और सुचारू रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराना है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार चावल उत्सव कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को संबंधित उचित मूल्य दुकानों में उपस्थित रहकर खाद्यान्न वितरण की निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। अधिकारियों ने विभिन्न दुकानों का निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था का जायजा लिया और हितग्राहियों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की।

इस अवसर पर जिलेभर के राशन दुकानों में बड़ी संख्या में हितग्राही पहुंचे, जहां उन्हें मई एवं जून माह का चावल एक साथ वितरित किया गया। खाद्यान्न प्राप्त करने पहुंचे लोगों ने शासन की इस व्यवस्था को राहतभरी पहल बताते हुए संतोष व्यक्त किया। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आयोजित इस उत्सव ने जनसहभागिता और प्रशासनिक सक्रियता का सकारात्मक संदेश दिया।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अब प्रत्येक माह की 7 तारीख को जिले की सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चावल उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना तथा पात्र हितग्राहियों तक समय पर खाद्यान्न पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न उचित मूल्य दुकानों की गतिविधियों एवं वितरण व्यवस्था की फोटोग्राफ भी संकलित की गईं, जिन्हें खाद्य विभाग की विभागीय वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के आयोजनों से हितग्राहियों का विश्वास मजबूत होगा और सार्वजनिक वितरण प्रणाली अधिक प्रभावी बन सकेगी।



















