
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 7 मई 2026।
जिले से स्थानांतरण के पूर्व कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने गुरुवार को मानवीय संवेदनाओं से भरा एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। दोपहर लगभग 1 बजे वे सारंगढ़ स्थित आशा निकेतन वृद्ध आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने वृद्धजनों से सौजन्य मुलाकात कर उनके साथ आत्मीय समय व्यतीत किया।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों का हालचाल जाना और उनसे स्नेहपूर्वक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने सभी वृद्धजनों को फल भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। आश्रम का वातावरण उस समय भावुक हो उठा, जब विदाई के क्षणों में कलेक्टर स्वयं भी भावुक नजर आए।
वृद्धजनों ने भी कलेक्टर के सरल व्यवहार और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कई बुजुर्गों ने कहा कि जिले में रहते हुए कलेक्टर ने हमेशा आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य किया।
यह मुलाकात केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं रही, बल्कि प्रशासन और समाज के बीच भावनात्मक जुड़ाव का एक मार्मिक दृश्य बन गई। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे का यह संवेदनशील व्यवहार उपस्थित लोगों के लिए लंबे समय तक यादगार बना रहेगा।

भावुक पल: स्थानांतरण से पहले कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने आशा निकेतन के वृद्धजनों से लिया आशीर्वाद">

















