
1266 किसानों ने बेचा 53 हजार क्विंटल से अधिक धान, शासन की पारदर्शी व्यवस्था से अन्नदाता संतुष्ट
बालोद, 15 जनवरी 2026/
छत्तीसगढ़ शासन की किसान हितैषी नीतियों के अनुरूप बालोद जिले के विकासखण्ड मुख्यालय डौण्डी में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। शासन द्वारा की गई पुख्ता व्यवस्थाओं और प्रशासनिक निगरानी के चलते किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है तथा वे सहजता से अपना धान विक्रय कर लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
धान खरीदी केन्द्र डौण्डी में अब तक 1266 किसानों द्वारा कुल 53 हजार 144 क्विंटल 80 किलोग्राम धान का विक्रय किया जा चुका है, जिसके एवज में किसानों को 13 करोड़ 58 लाख 33 हजार रुपये से अधिक की राशि देय हुई है। यह उपलब्धि शासन की पारदर्शी प्रणाली और समयबद्ध भुगतान व्यवस्था का प्रमाण है, जिससे अन्नदाता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है।

प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 तक शेष रह गए सभी किसानों का शत-प्रतिशत धान समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए। इसके लिए खरीदी केन्द्र में आवश्यक संसाधनों, कर्मियों और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है।
नोडल अधिकारी एवं जनपद पंचायत डौण्डी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी.डी. मण्डले ने बताया कि धान खरीदी केन्द्र डौण्डी के अंतर्गत शामिल ग्रामों के 907 किसानों द्वारा 315.48 हेक्टेयर का रकबा समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा अवैध धान की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
धान खरीदी कार्य की सतत निगरानी हेतु राजस्व, खाद्य एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ निगरानी दल में शामिल अधिकारी-कर्मचारी नियमित रूप से केन्द्र का निरीक्षण कर रहे हैं। इससे खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत नियंत्रण संभव हो रहा है।
किसानों ने शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि धान तौल, बारदाना, बैठने की व्यवस्था तथा समन्वय व्यवस्था बेहतर होने से उन्हें सुविधा मिली है। यह संपूर्ण प्रक्रिया शासन की किसान केंद्रित सोच और अन्नदाता के सम्मान को दर्शाती है।


















