
— शासन की संवेदनशील पहल से मासूम के चेहरे पर लौटी मुस्कान —
महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम छिंदौला के लिए यह खबर किसी चमत्कार से कम नहीं है। शासकीय प्राथमिक शाला छिंदौला में कक्षा 1 में अध्ययनरत मात्र 7 वर्ष की बालिका कुमारी हितांशी चक्रधारी, जो जन्म से ही गंभीर हृदय रोग (Congenital Heart Disease) से पीड़ित थी, आज पूरी तरह स्वस्थ है। यह संभव हो पाया है छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी चिरायु योजना और शहरी चिरायु दल की तत्परता एवं संवेदनशीलता के कारण।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहरी चिरायु दल द्वारा क्षेत्र में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दल में शामिल डॉ. विकास चौहान, डॉ. सुजाता शुक्ला एवं एमएलटी चंद्रकला देवांगन ने प्राथमिक जांच के दौरान नन्ही हितांशी की गंभीर स्वास्थ्य समस्या को समय रहते चिन्हांकित किया। आवश्यक परीक्षणों के बाद यह स्पष्ट हुआ कि बालिका जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित है, जिसका शीघ्र उपचार अत्यंत आवश्यक था।
चिरायु योजना के अंतर्गत त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को रायपुर स्थित MMI हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क कार्डियक सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। जटिल ऑपरेशन के बाद हितांशी अब पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य बच्चों की तरह जीवन जी रही है। ऑपरेशन के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने पर बालिका के चेहरे पर मुस्कान और आंखों में चमक देखकर हर कोई भावुक हो उठा।
हितांशी के परिजनों ने भावुक होकर कहा कि यदि चिरायु टीम समय पर उनकी बच्ची की बीमारी नहीं पहचानती, तो आज उनकी बेटी का जीवन खतरे में पड़ सकता था। उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन, स्वास्थ्य विभाग और चिरायु दल के सभी सदस्यों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि यह योजना गरीब एवं ग्रामीण परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
उल्लेखनीय है कि चिरायु योजना के माध्यम से राज्य शासन बच्चों के गंभीर एवं दुर्लभ रोगों की पहचान कर उनका निःशुल्क इलाज सुनिश्चित कर रहा है। यह योजना न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत कर रही है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की संवेदनशीलता को भी दर्शाती है।
नन्ही हितांशी की कहानी इस बात का जीवंत उदाहरण है कि जब शासन, प्रशासन और स्वास्थ्य अमला मिलकर कार्य करता है, तो असंभव भी संभव हो जाता है। आज एक मासूम को नया जीवन मिला है और यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।



















