
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 6 जनवरी 2026/
लोकतांत्रिक व्यवस्था की जड़ों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत दावा–आपत्ति सुनवाई कार्य का निरीक्षण करते हुए ग्राम पंचायत छिंद तथा नगरपालिका परिषद कार्यालय सारंगढ़ स्थित क्लस्टर केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान कलेक्टर ने स्वयं मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देते हुए मौके पर ही समाधान किया।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने आम नागरिकों से सहज, सरल और आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए यह स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम जुड़ना या संशोधन होना प्रत्येक पात्र नागरिक का अधिकार है। उन्होंने मतदाताओं को फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल भाषा में समझाया, जिससे लोगों की भ्रांतियां दूर हुईं और उन्हें राहत मिली। कलेक्टर की इस पहल से केंद्रों में उपस्थित मतदाताओं में संतोष और विश्वास का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रभारी अधिकारियों एसडीएम श्रीमती वर्षा बंसल एवं सीएमओ श्री ज्ञान पुंज कुलमित्र को निर्देश दिए कि दावा–आपत्ति केंद्रों में ऐसे कर्मचारियों की ड्यूटी अनिवार्य रूप से लगाई जाए, जो नागरिकों को धैर्यपूर्वक समझा सकें, उनके प्रश्नों का समुचित उत्तर दें तथा मतदाता पहचान पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ण जानकारी प्रदान कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि हर पात्र नागरिक को मताधिकार से जोड़ना है।
कलेक्टर ने बताया कि राज्य में सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिला 13वें स्थान पर है, जहां 15 हजार 413 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। यह दर्शाता है कि जिले में मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता को लेकर प्रशासन गंभीर और सजग है।
उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण की दावा–आपत्ति अवधि 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक निर्धारित है। इस अवधि में पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाने तथा अपात्र नाम हटाने के लिए आवेदन किया जा सकता है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि जो युवा 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष पूर्ण कर चुके हैं या 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष के हो जाएंगे, वे घोषणा पत्र के साथ फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। जिले भर में इसके लिए विशेष शिविर लगाए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची से वंचित न रहे।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे का यह सक्रिय, संवेदनशील और जनहितकारी दृष्टिकोण यह प्रमाणित करता है कि शासन–प्रशासन लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहा है। उनके नेतृत्व में सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिला न केवल प्रशासनिक दक्षता का उदाहरण बन रहा है, बल्कि नागरिकों के विश्वास को भी मजबूती प्रदान कर रहा है।




















