
बालोद, 06 जनवरी 2026/
26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को ऐतिहासिक, भव्य एवं अनुकरणीय बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी सक्रियता और समन्वय के साथ जुट गया है। जिला मुख्यालय बालोद के स्वर्गीय सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की विस्तृत बैठक लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उनके सशक्त नेतृत्व, दूरदर्शिता और प्रशासनिक दक्षता से यह स्पष्ट है कि इस वर्ष का गणतंत्र दिवस समारोह जिले के लिए गौरव का विषय बनेगा।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने बैठक में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव, लोकतांत्रिक मूल्यों और देशभक्ति की भावना का प्रतीक है। इसलिए इसका आयोजन पूर्ण गरिमा, अनुशासन और सुव्यवस्था के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले के सभी कार्यालय प्रमुख अपने-अपने कार्यालयों में सुबह 7.30 बजे ध्वजारोहण सुनिश्चित करने के बाद सुबह 8 बजे संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके पश्चात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य समारोह स्थल स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे, जहां मुख्य अतिथि द्वारा सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।
बैठक में समारोह की प्रत्येक व्यवस्था के लिए स्पष्ट रूप से जिम्मेदारियां तय की गईं। अतिथियों, शहीद परिवारों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं आमंत्रित नागरिकों की सम्मानजनक बैठक व्यवस्था, परेड, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, मंच निर्माण, विद्युत व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, स्वच्छता, पेयजल, जलपान, मीडिया समन्वय, आमंत्रण पत्र वितरण, गुब्बारे एवं कबूतर उड़ान, रंगोली, फायर ब्रिगेड, चिकित्सा सुविधा सहित सभी पहलुओं पर कलेक्टर ने बारीकी से निर्देश दिए।
विशेष रूप से शहीद परिवारों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को ससम्मान कार्यक्रम स्थल तक लाने व ले जाने की व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने इसे प्रशासन की संवेदनशील जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों का सम्मान पूरे समाज का दायित्व है।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व में शासन और प्रशासन की यह सुव्यवस्थित कार्ययोजना यह दर्शाती है कि जिला प्रशासन न केवल जिम्मेदार है, बल्कि जनभावनाओं के प्रति संवेदनशील और राष्ट्रहित के प्रति पूर्णतः समर्पित भी है।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा, श्री नूतन कंवर सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
निश्चित ही कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित होने वाला यह गणतंत्र दिवस समारोह शासन-प्रशासन की कार्यक्षमता, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का सशक्त प्रतीक बनकर जिले के इतिहास में एक यादगार अध्याय जोड़ेगा।




















