
बालोद, 06 जनवरी 2026/
जिले में समावेशी और संवेदनशील प्रशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों को विशेष सुविधा युक्त मोबाईल सेट प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांगजनों से आत्मीयता के साथ कुशलक्षेम पूछी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा द्वारा दृष्टिबाधित दिव्यांग भूपेश कुमार, देवेन्द्र, प्रीतम साहू एवं गुंजन लाल को प्रदान किए गए ये मोबाईल सेट आधुनिक तकनीक से युक्त हैं, जिनमें विशेष एप्प पहले से ही इंस्टॉल किए गए हैं। इन एप्प्स के माध्यम से मोबाईल स्क्रीन को स्पर्श करने पर आवाज के रूप में संकेत प्राप्त होंगे, जिससे दृष्टिबाधितुित दिव्यांगजन आसानी से कॉल करने, संदेश पढ़ने, समय जानने एवं अन्य आवश्यक कार्य स्वयं कर सकेंगे। यह सुविधा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कहा कि दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा का अभिन्न अंग हैं और उन्हें सशक्त बनाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से दिव्यांगजनों के जीवन को सरल, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाया जा सकता है। जिला प्रशासन भविष्य में भी दिव्यांगजनों के कल्याण एवं सुविधा विस्तार के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों के चेहरे पर आत्मविश्वास और प्रसन्नता स्पष्ट दिखाई दी। उन्होंने कलेक्टर श्रीमती मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से उनके दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा की यह पहल न केवल मानवीय संवेदना को दर्शाती है, बल्कि दिव्यांग सशक्तिकरण की दिशा में जिले के लिए प्रेरणास्रोत भी है।




















