
सभागार, कन्वेंशन हॉल, शैक्षणिक परिसर, मल्टीलेवल पार्किंग एवं अशोक वाटिका के कार्यों की समीक्षा, प्रभावी उपयोग पर दिया जोर
कोरबा, 31 दिसम्बर 2025/
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज नगर निगम कोरबा क्षेत्र अंतर्गत निर्मित एवं निर्माणाधीन विभिन्न भवनों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवनों की प्रगति, संरचना, सुविधाओं तथा उनके भावी कार्यात्मक उपयोग की विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर सभी भवनों का अधिकतम, बहुउद्देश्यीय एवं जनोपयोगी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए उन्होंने विस्तृत एवं चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया।
नगर निगम के नवीन सभागार को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर निगम कोरबा के नवीन सभागार भवन का अवलोकन किया। उन्होंने भवन के बाह्य सौंदर्यीकरण के लिए रंग-रोगन, आकर्षक लाइटिंग, परिसर में गार्डन विकसित करने तथा मुख्य द्वार पर एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
सभागार के अंदरूनी हिस्से का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने मंच को और विस्तृत करने, बेहतर वेंटिलेशन, उच्च गुणवत्ता के ईको एवं साउंड सिस्टम तथा पब्लिक एवं मीडिया गैलरी की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन के लिए प्रोजेक्टर व स्क्रीन की व्यवस्था हेतु प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने दीवारों एवं कॉरिडोर गैलरी को आकर्षक ढंग से सजाने तथा उपलब्ध स्थानों के बहुउद्देश्यीय उपयोग पर बल दिया।
कन्वेंशन हॉल को साइंस एग्ज़ीबिशन व प्लेनेटेरियम के रूप में विकसित करने की पहल
कलेक्टर श्री दुदावत ने रिस्दी मार्ग स्थित पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल का निरीक्षण कर आर्किटेक्चर प्लान का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कन्वेंशन हॉल को विद्यार्थियों के लिए साइंस एग्ज़ीबिशन सेंटर के रूप में विकसित किया जाए, जहां विज्ञान, नवाचार और प्रयोगों का प्रदर्शन हो सके।
साथ ही, उन्होंने इसे प्लेनेटेरियम सेंटर के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि इससे जिले में विज्ञान एवं नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।
विवेकानंद शैक्षणिक परिसर के उपयोग हेतु चरणबद्ध योजना के निर्देश
रिस्दी रोड स्थित विवेकानंद शैक्षणिक परिसर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने प्रत्येक कक्ष के उद्देश्यपूर्ण उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिसर को शीघ्र उपयोग में लाने हेतु आवश्यक संसाधनों, सुविधाओं एवं समय-सीमा के साथ स्पष्ट और चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए।
मल्टीलेवल पार्किंग से यातायात व्यवस्था होगी सुगम
ट्रांसपोर्ट नगर में निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने रैम्प, ग्रिल एवं सुरक्षा से जुड़े कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा। कलेक्टर ने बताया कि इस पार्किंग के प्रभावी उपयोग से शहर को यातायात जाम से राहत मिलेगी और सुरक्षित पार्किंग सुविधा मिलेगी।
अशोक वाटिका के सौंदर्यीकरण व सुविधाओं पर विशेष ध्यान

अशोक वाटिका निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई एवं रखरखाव में लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने वाटिका को सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए आकर्षक मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित करने, पर्याप्त रोशनी, फाउंटेन को क्रियाशील करने, झूले व बैठक व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय, अपर आयुक्त श्री विनय मिश्रा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




















