
रायपुर, 07 दिसंबर । सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए महत्वपूर्ण अंशदान प्रदान किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के सचिव ब्रिगेडियर विवेक शर्मा ने मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट की और उन्हें झंडा दिवस का सम्मान बैज लगाया। साथ ही संचालनालय सैनिक कल्याण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस हमारे देश के बहादुर सैनिकों के बलिदान, त्याग और अदम्य साहस को नमन करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि “हमारे जवान सीमाओं पर दिन-रात तैनात रहकर देश की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस दिवस का संदेश यही है कि राष्ट्र की रक्षा में समर्पित सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए।
उन्होंने बताया कि सैनिक कल्याण बोर्ड द्वारा शहीद परिवारों के पुनर्वास, सहायता अनुदान, आश्रितों के लिए छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य सहायता और रोजगार-संबंधी कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सैनिकों के सम्मान और उनके परिवारों के समर्थन में अपनी ओर से अंशदान प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर न केवल संवेदनशीलता जगाते हैं, बल्कि नागरिकों को भी सेवा भाव से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते तथा पद्मश्री उषा बारले भी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने सैनिकों के कल्याण के लिए सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम सैनिकों के प्रति सम्मान, सहयोग और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने वाला रहा।


















