
सरस्वती उमावि सीतामढ़ी की बेटियों ने जीते गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज, जिले का नाम किया रोशन
कोरबा, 23 नवंबर 2025
अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान विद्या भारती के तत्वावधान में मथुरा में 13 से 16 नवंबर 2025 तक आयोजित राष्ट्रीय कराते प्रतियोगिता में कोरबा की तीन बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ सहित पूरे मध्य क्षेत्र का नाम रोशन किया। सरस्वती उच्च माध्यमिक विद्यालय, सीतामढ़ी की इन छात्राओं ने अपने दमदार प्रदर्शन से राष्ट्रीय मंच पर परचम लहराते हुए गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज—तीनों पदक विद्यालय की झोली में डाले।
प्रतियोगिता में कु. भारती बघेल, पिता आ. पूनाराम बघेल, कक्षा 11वीं ने अपने उत्कृष्ट कौशल से प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए गोल्ड मेडल जीता। वहीं कु. उपासना चौहत्था, पिता आ. शम्भू चौहत्था, कक्षा 10वीं ने दमदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अर्जित किया।
तीसरी प्रतिभागी कु. प्राची सूर्यवंशी, पिता आ. महेश्वर सूर्यवंशी, कक्षा 9वीं ने बेहतरीन फाइट करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया और कांस्य पदक अपने नाम किया। तीनों छात्राओं की इस उपलब्धि ने न सिर्फ विद्यालय बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता से लौटने के बाद 21 नवंबर 2025 को सरस्वती उच्च माध्यमिक विद्यालय, सीतामढ़ी में इन छात्राओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सरस्वती शिक्षा समिति, कोरबा के सचिव/व्यवस्थापक जोगेश लाम्बा और कोषाध्यक्ष शंकरलाल टमकोरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विद्यालय प्राचार्य विद्यानंद पांडेय ने अतिथियों का पारंपरिक रोली-तिलक से स्वागत करते हुए छात्राओं की मेहनत, अनुशासन और संघर्षशीलता की सराहना की।
व्यवस्थापक जोगेश लाम्बा ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। उन्होंने तीनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसी सफलताएँ न सिर्फ विद्यालय बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक हैं।
कोषाध्यक्ष टमकोरिया ने भी छात्राओं के आत्मविश्वास और लगन की प्रशंसा की तथा मंच पर उन्हें मेडल और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।
विद्यालय के खेल प्रमुख वरिष्ठ आचार्य चूडामणी देवांगन और सह-खेल प्रमुख कु. प्रिया दुबे को भी उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं निरंतर मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने छात्राओं की इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
सरस्वती विद्यालय, सीतामढ़ी की इन प्रतिभावान बेटियों ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन हो तो छोटे से छोटे नगर की प्रतिभाएँ भी राष्ट्रीय मंच पर चमक सकती हैं। यह उपलब्धि पूरे कोरबा के लिए गौरव का क्षण है।



















