
बालोद, 13 नवंबर 2025। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत नज़दीक आते ही बालोद जिला प्रशासन पूरी तत्परता के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सहकारी समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी धान खरीदी केन्द्रों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि धान खरीदी कार्य पूरी तरह सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित होना चाहिए। उन्होंने किसानों के लिए शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था, छावं, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही प्रत्येक केन्द्र में इलेक्ट्रॉनिक कांटा-बांट, आर्द्रता मापी यंत्र, इंटरनेट सुविधा, चालू कम्प्यूटर सेट, यूपीएस एवं जनरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने धान की बोरियों में लगाए जाने वाले स्टेनसिल, पर्याप्त बारदाना, दीमकरोधी दवाइयाँ, रंग, सुतली तथा उपार्जन केन्द्रों में कर्मचारियों और हमालों की पर्याप्त संख्या का विशेष रूप से ध्यान रखने को कहा। इसके अलावा फ्लाई ऐश/सीमेंट ब्लाक, प्लास्टिक बैग, धान भूसी और प्राथमिक उपचार पेटी जैसी सभी आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री राजेन्द्र कुमार राठिया, जिला खाद्य अधिकारी श्री तुलसी ठाकुर, जिला विपणन अधिकारी सहित विभिन्न सहकारी समितियों के अधिकारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य 15 नवंबर से निर्धारित है, लेकिन शनिवार और रविवार के अवकाश को देखते हुए जिले में धान खरीदी 17 नवंबर से विधिवत प्रारंभ होगी। जिला प्रशासन का दावा है कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।




















