
सुकमा 12 नवंबर 2025
छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा सुकमा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुँचे, ताकि सरकार की मंशा जनकल्याण के रूप में धरातल पर साकार हो सके।
बैठक की शुरुआत में अपर कलेक्टर गजेन्द्र सिंह ठाकुर ने जिले का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया। इसके बाद मंत्री कश्यप ने कहा कि ग्रामीण अंचलों का सर्वांगीण विकास शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निष्ठा, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने-अपने विभागों के लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों में योजनाओं का शत-प्रतिशत कवरेज (सेचुरेशन) सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी पात्र परिवार लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों के बीच जाकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लेने और समस्याओं के त्वरित समाधान पर बल दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, एनआरएलएम, स्वच्छ भारत मिशन, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, जल जीवन मिशन, तथा माओवादी पीड़ितों और आत्मसमर्पित परिवारों के पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की गई। मंत्री कश्यप ने इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर महिला आयोग सदस्य दीपिका सोरी, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, एसपी किरण चव्हाण, नगर पालिका अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम, जिला पंचायत सदस्य कोरसा सन्नू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर ने मंत्री कश्यप को उनके मार्गदर्शन और सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रभारी मंत्री की यह बैठक जिले में सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में एक सार्थक कदम साबित हुई।




















