
जांजगीर, 29 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में उत्सव का माहौल है। इसी कड़ी में जांजगीर जिले में भी 2 से 4 नवम्बर तक हाई स्कूल मैदान जांजगीर में तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस राज्योत्सव के मुख्य अतिथि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंकराम वर्मा होंगे। कार्यक्रम को रजत जयंती वर्ष के रूप में ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारी प्रशासन द्वारा की जा रही है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने मंगलवार को राज्योत्सव स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करें ताकि आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रह सके। कलेक्टर ने कहा कि राज्य निर्माण के 25 वर्षों में जिले द्वारा प्राप्त विकासात्मक उपलब्धियों को आकर्षक प्रदर्शनी के माध्यम से जनता के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त कर सकें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सांस्कृतिक मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश द्वार, सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने सभी अधिकारियों को राज्योत्सव को भव्य, गरिमामय और जनभागीदारीपूर्ण बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, आर.के. तंबोली सहित अनेक विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
राज्योत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ शासन की योजनाओं से जुड़ी प्रदर्शनी, स्व-सहायता समूहों के स्टॉल और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
यह राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और विकास यात्रा का प्रतीक बनेगा।




















