
कोरबा, 24 अक्टूबर 2025।
छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती स्थापना वर्ष के अवसर पर आगामी राज्य उत्सव की तैयारियाँ पूरे जोरों पर हैं। इसी कड़ी में आज जिला प्रशासन द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम, कोरबा में जनप्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 2 से 4 नवम्बर 2025 तक आयोजित होने वाली तीन दिवसीय सांस्कृतिक संध्या के सफल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता नोडल अधिकारी श्री दिनेश कुमार नाग ने की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए ताकि राज्य उत्सव का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बन सके। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, मंच सज्जा, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन, तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के चयन जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी कई रचनात्मक सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति, लोककला और लोकनृत्य को विशेष स्थान दिया जाए ताकि राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान मिल सके। स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने, उनके प्रदर्शन से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और उन्हें आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही, छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों की स्टॉल, फूड जोन, और ग्रामीण अंचलों से आने वाले नागरिकों के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराने का भी सुझाव रखा गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा ताकि कार्यक्रम अधिक आकर्षक और मनोरंजक बन सके।
बच्चों और परिवारों के मनोरंजन हेतु झूले, मेला परिसर और आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। वहीं, नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को सुनिश्चित करने कहा गया कि राज्य उत्सव के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरे आयोजन स्थल पर स्वच्छता एवं अनुशासन का वातावरण बना रहे।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य उत्सव न केवल सांस्कृतिक उत्सव है बल्कि यह छत्तीसगढ़ की अस्मिता और गौरव का प्रतीक भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष का आयोजन ऐतिहासिक और यादगार साबित होगा, जिसमें जिले के नागरिक पूरे उत्साह से भाग लेंगे।
इस अवसर पर नगर पालिक निगम की सभापति श्रीमती नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद श्री अशोक चावलानी, श्री नरेन्द्र देवांगन, श्री गोपाल मोदी, प्रेस क्लब कोरबा के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे राज्य उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।


















