
कोरबा: ग्राम पंचायत लालपुर में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को शिकायत देकर पूर्व सरपंच श्रीमती संतोषी नेटी, वर्तमान सरपंच धनेश्वर सिंह ओरकेरा, सचिव मोहम्मद हसन और जियोटेक इंजीनियर पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पिछले पंचवर्षीय कार्यकाल में सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित सीसी रोड को जियोटेक कार्य बताकर लाखों रुपये का फर्जी भुगतान किया गया। इसके अलावा बोर निर्माण के नाम पर हुसैन पान मसाला और किराना मर्चेंट के खातों में बिना किसी कार्य के लाखों रुपये जमा कराए गए।
ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि मंच निर्माण कार्य में भी भारी वित्तीय अनियमितता हुई, और पूर्व सरपंच के पति तथा वर्तमान सरपंच ने अपने निजी खातों में लाखों रुपये जमा कराए।
प्रधानमंत्री आवास योजना में भी गड़बड़ी का आरोप है। शिकायतकत्र्ताओं ने बताया कि गौतम सारथी और उनकी पत्नी पुष्पा सारथी को पात्रता के विपरीत आवास स्वीकृत किया गया, जो वर्तमान में निर्माणाधीन है।

ग्रामीणों ने यह शिकायत कलेक्टर कार्यालय को भी लिखित रूप में प्रस्तुत की है। शिकायत में दस्तावेज़ी प्रमाण संलग्न करते हुए पूरे मामले की भौतिक सत्यापन सहित निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।



















