
बलरामपुर, छत्तीसगढ़।
राजपुर वन परिक्षेत्र में बीते दो दिनों से 35 हाथियों का एक बड़ा झुंड सक्रिय है। इस झुंड में 4 नन्हे शावक भी शामिल हैं। हाथियों का यह दल राष्ट्रीय राजमार्ग-343 (NH-343) के आसपास डेरा डाले हुए था, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों में भय का माहौल बन गया।
वन विभाग की टीम ने लगातार प्रयास कर हाथियों को जंगल की ओर मोड़ने में सफलता प्राप्त की है। फिलहाल यह दल दुप्पी गांव के जंगल में मौजूद है। रेंजर महाजन साहू ने बताया कि अभी तक किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के पास न जाएं, उन्हें उकसाने की कोशिश न करें और विभाग द्वारा दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करें। इलाके में लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


















