
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 मार्च 2026। जिले में आपदा से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता और त्वरित प्रशासनिक कार्यवाही का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने विभिन्न घटनाओं में मृत व्यक्तियों के आश्रितों के लिए आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। यह सहायता राजस्व पुस्तक परिपत्र खंड 6 (4) के अंतर्गत प्रदान की जा रही है, जिससे पीड़ित परिवारों को कठिन समय में आर्थिक संबल मिल सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोविड-19 से मृत ग्राम सिरोली (तहसील सारंगढ़) निवासी ललित राम की पत्नी घसनीन बाई को 50 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। वहीं सर्पदंश से हुई मृत्यु के मामलों में तहसील भटगांव के ग्राम बेलाडुला निवासी मृतिका शान्तिबाई यादव के पति प्रेमलाल यादव तथा ग्राम गिरसा के मृतक दरश के पिता परदेशी निषाद को सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
इसी प्रकार पानी में डूबने की घटनाओं में सरिया तहसील के ग्राम जलगढ़ के मृतक रामलाल चौहान की पत्नी सिया चौहान, सारंगढ़ तहसील अंतर्गत नवापारा वार्ड क्रमांक 14 के मृतक दरसूराम जांगड़े की पत्नी मंगली, ग्राम गोड़ीहारी निवासी बंशी पटेल की माता ननकीनोनी तथा ग्राम अमझर के मृतक दिव्यांशु जायसवाल के पिता प्रकाश जायसवाल को संयुक्त रूप से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य आपदा की घड़ी में प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत पहुंचाना है, ताकि वे आर्थिक संकट से उबर सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्वीकृत राशि का भुगतान शीघ्रतापूर्वक ऑनलाइन माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में किया जाए, जिससे किसी प्रकार की देरी न हो।
जिले में इस प्रकार की त्वरित और पारदर्शी कार्यवाही से यह स्पष्ट होता है कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के प्रति गंभीर और संवेदनशील है। स्थानीय नागरिकों ने भी कलेक्टर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संकट के समय इस प्रकार की सहायता से पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत मिलती है।
यह निर्णय न केवल प्रशासन की जवाबदेही को दर्शाता है, बल्कि यह भी साबित करता है कि शासन-प्रशासन जरूरतमंदों के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है।

आपदा पीड़ितों के प्रति संवेदनशील पहल: कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने स्वीकृत की सहायता राशि">

















