
पोडी उपरोड़ा, 7 जनवरी 2026/
राज्य शासन की महत्वाकांक्षी निशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत आज पीएम श्री सेजेस पोडी उपरोड़ा में साइकिल वितरण कार्यक्रम का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशित छात्राओं को साइकिल प्रदान कर उनके शैक्षणिक भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह एवं विशिष्ट अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर ने अपने कर-कमलों से छात्राओं को साइकिल वितरित की। अतिथियों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बालिका शिक्षा सामाजिक उत्थान की आधारशिला है और सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं को विद्यालय तक पहुंचने में सहायक बनाकर शिक्षा से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
डॉ. पवन कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की बालिकाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। इससे छात्राओं की नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, ड्रॉपआउट दर में कमी आएगी और बालिकाएं आत्मनिर्भर बनेंगी। वहीं जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ आत्मविश्वास और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री शिव शंकर उइके की उपस्थिति विशेष रही। उन्होंने योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे छात्राओं में शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी। इस अवसर पर श्री कमला किंडो, श्री विजय दुबे, श्रीमती ललिता सोनवानी एवं श्री भुवनेश्वर राजवाड़े भी उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्राचार्य श्री रविंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं पीएम श्री योजना के अंतर्गत हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम के सफल संचालन में श्री एस.एल. साहू, श्री एस.यू. कदीर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारीगण की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं के चेहरे पर उत्साह और प्रसन्नता स्पष्ट दिखाई दी। यह आयोजन बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने एवं उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम बढ़ाने का एक प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।


















