
कोरबा। साहित्य, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने वाले प्राचार्य प्रो. प्यारेलाल आदिले को “कलमकार राइटर्स अवॉर्ड 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान छत्तीसगढ़ कलमकार मंच द्वारा आयोजित राष्ट्रीय साहित्यिक कार्यक्रम में प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बिलासपुर स्थित कानन पेंडारी जूलॉजिकल पार्क में किया गया, जहां देशभर के साहित्यकारों और रचनाकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कलमकार मंच के अध्यक्ष डॉ. किशन टंडन क्रांति के संपादन में प्रकाशित राष्ट्रीय काव्य संग्रह “स्याही के रंग” का विमोचन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर के शिक्षाविद एवं जय बूढ़ादेव कला एवं विज्ञान महाविद्यालय कटघोरा के प्राचार्य प्रो. प्यारेलाल आदिले उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. किशन टंडन क्रांति ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पुष्पा सिंह एवं राजेंद्र कुमार कश्यप उपस्थित रहे।
इस राष्ट्रीय साझा संकलन में देशभर के 50 कलमकारों की रचनाओं को शामिल किया गया है। कार्यक्रम के दौरान सभी चयनित रचनाकारों को “कलमकार राइटर्स अवॉर्ड 2026” से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले साहित्यकारों में प्रो. प्यारेलाल आदिले का नाम विशेष रूप से चर्चा में रहा। शिक्षा के प्रति समर्पण, सामाजिक जागरूकता और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में उनकी भूमिका को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

प्रो. आदिले लंबे समय से शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। राजनीति विज्ञान के विद्वान प्राध्यापक के रूप में उन्होंने अनेक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया है। वे न केवल उच्च शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों को प्रेरित करते हैं, बल्कि प्राथमिक स्तर के बच्चों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक करने का कार्य करते रहे हैं। सरल, सहज और स्वाभिमानी व्यक्तित्व के धनी प्रो. आदिले एक कुशल वक्ता और प्रेरणादायी शिक्षक के रूप में भी पहचान रखते हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रो. आदिले को अब तक कई अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय सम्मान एवं प्रशस्ति पत्र प्राप्त हो चुके हैं। उनके इस सम्मान से उनके स्वजन, मित्रों और शुभचिंतकों में हर्ष का वातावरण है। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
कार्यक्रम में डॉ. मनोज कुमार प्रधान, सुजीत कुमार टंडन, विवेक कुर्रे सहित अनेक साहित्यकारों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ साहित्यकार जुगेश बंजारे धीरज ने किया। इस अवसर पर “स्याही के रंग” के साथ-साथ “गंज (अभिव्यक्ति संग्रह)” तथा “गुरु घासीदास जी की वाणी” ग्रंथ का भी विमोचन किया गया।

कलमकार राइटर्स अवॉर्ड 2026 से सम्मानित हुए प्रो. प्यारेलाल आदिले">


















