
कोरबा, 25 मार्च 2026/
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा जिप्सा कॉलेज, टी.पी. नगर, कोरबा में रैम्प (RAMP) योजना के अंतर्गत “स्टार्टअप छत्तीसगढ़” विषय पर जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करना तथा उन्हें स्टार्टअप से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने स्टार्टअप की अवधारणा को सरल और व्यावहारिक रूप में समझाते हुए नवीन व्यावसायिक विचारों के विकास, इन्क्यूबेशन, फंडिंग एवं मार्केटिंग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों को बताया गया कि किस प्रकार वे अपने नवाचार और आइडिया को सफल व्यवसाय में परिवर्तित कर सकते हैं तथा शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और अपने विचार साझा किए। इससे कार्यशाला का माहौल संवादात्मक और प्रेरणादायक बना रहा। विद्यार्थियों में स्टार्टअप के प्रति विशेष रुचि और जागरूकता देखने को मिली।
इस अवसर पर सुश्री चंचल श्रीवास्तव, प्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, ने “स्टार्टअप छत्तीसगढ़” योजना के अंतर्गत मिलने वाली सब्सिडी, तकनीकी मार्गदर्शन, उपलब्ध सुविधाएं तथा स्टार्टअप पंजीयन की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को अपने विचारों को साकार करने के लिए शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
यह कार्यशाला युवाओं के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रही, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाली साबित हुई।

रैम्प योजना के तहत “स्टार्टअप छत्तीसगढ़” कार्यशाला का सफल आयोजन, युवाओं को मिला नवाचार और उद्यमिता का मार्गदर्शन">




















