
कोरबा, 25 मार्च 2026/
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना “तुंहर सरकार तुंहर द्वार” के अंतर्गत परिवहन विभाग द्वारा दी जा रही घर पहुंच सेवाओं ने आम नागरिकों के जीवन को काफी सरल और सुगम बना दिया है। इस योजना के माध्यम से अब लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि ये दस्तावेज सीधे उनके घर के पते पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
परिवहन विभाग द्वारा स्मार्ट कार्ड आधारित दस्तावेजों का समयबद्ध और पारदर्शी वितरण किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुविधा प्रदान करना, अनावश्यक भागदौड़ को समाप्त करना और शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास को मजबूत करना है। योजना के प्रभाव से न केवल सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हुआ है, बल्कि नागरिकों में यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।
वाहन स्वामियों को अब आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद बिना किसी परेशानी के घर बैठे ही उनके जरूरी कागजात प्राप्त हो रहे हैं। इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ-साथ सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी सुनिश्चित हुई है। शासन का यह कदम सुरक्षित ड्राइविंग, सीमित गति और पर्यावरण नियमों के पालन को बढ़ावा देने में भी सहायक साबित हो रहा है।

परिवहन अधिकारी श्री विवेक सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि कोरबा जिले में इस योजना के सकारात्मक परिणाम आंकड़ों में स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 52,076 दस्तावेजों का वितरण किया गया, जिसमें 27,253 पंजीकरण प्रमाणपत्र और 24,823 ड्राइविंग लाइसेंस शामिल थे। वहीं, वर्ष 2025-26 में सेवाओं की रफ्तार और अधिक तेज हुई है। इस वर्ष अब तक 58,850 दस्तावेज वितरित किए जा चुके हैं, जिनमें 32,530 पंजीकरण प्रमाणपत्र और 26,320 ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं।
जिला परिवहन अधिकारी के मार्गदर्शन में यह योजना निरंतर प्रगति कर रही है और आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। यह पहल शासन की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए परिवहन सेवाओं को और अधिक सुलभ बना रही है।





















