
कोरबा, 23 मार्च 2026। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ लोगों की शिकायतें सुनीं। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयोजित इस जनदर्शन में निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय ने स्वयं उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना और उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
जनदर्शन में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे, जिन्होंने अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 78 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्रमुख रूप से बिजली बिल में सुधार, स्वास्थ्य उपचार के लिए आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त, वनाधिकार पट्टा, राशन कार्ड, मुआवजा, नक्शा दुरुस्ती एवं सीमांकन से जुड़े मामले शामिल रहे।
निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उन्हें शीघ्र राहत मिल सके।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, श्री ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी आवेदनों को समझते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।
जनदर्शन कार्यक्रम एक बार फिर आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम साबित हुआ, जहां लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित समाधान की दिशा में कदम बढ़ाए गए।

जनदर्शन में गूंज उठी आमजन की आवाज: 78 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश ">



















