
कोरबा, 16 मार्च 2026।
कोरबा शहर में अवैध कब्जों और गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कबाड़ व्यवसायियों पर सख्त प्रहार किया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देशन में जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे अवैध कबाड़ यार्डों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
प्रशासन की संयुक्त टीम ने पाया कि शहर के कई स्थानों पर शासकीय जमीनों पर अवैध कब्जा कर कबाड़ का कारोबार संचालित किया जा रहा था। कई स्थानों पर एकड़ जमीन पर बिना अनुमति कबाड़ यार्ड बनाकर बड़े पैमाने पर अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इस पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए इन अवैध यार्डों को नेस्तनाबूद कर दिया और स्पष्ट संदेश दिया कि शहर में अवैध कब्जा और अवैध कारोबार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

राताखार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई
कोरबा शहर के राताखार क्षेत्र में कबाड़ कारोबारी मुकेश साहू द्वारा लगभग 70 डिसमिल शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर दो बड़े कबाड़ यार्ड बनाए गए थे, जहां भारी मात्रा में कबाड़ का संग्रह किया गया था। प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर के माध्यम से दोनों कबाड़ यार्डों को ध्वस्त कर दिया।
इसके अलावा उसी स्थान पर कबाड़ व्यवसायी द्वारा बाउंड्रीवाल से घिरा तीन मंजिला मकान भी बनाया गया था। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत प्रशासन ने उक्त मकान की बाउंड्रीवाल को भी जेसीबी मशीन से तोड़ दिया। मकान में रखे सामान को हटाने के लिए संबंधित व्यक्ति को एक दिन का समय दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा समाप्त होने के बाद शासकीय जमीन पर बने इस अवैध तीन मंजिला भवन को भी तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
मुड़ापार रामनगर में भी चला बुलडोजर
इसी तरह मुड़ापार रामनगर क्षेत्र में भी प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कबाड़ कारोबारी तनवीर द्वारा लगभग एक-एक एकड़ शासकीय जमीन पर बनाए गए दो अवैध कबाड़ यार्डों को ध्वस्त कर दिया। यहां भी लंबे समय से अवैध कबाड़ कारोबार संचालित किया जा रहा था। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में कबाड़ सामग्री पाई गई, जिसे हटाने के निर्देश दिए गए।
झगरहा बस्ती में दो अवैध यार्ड ध्वस्त
झगरहा बस्ती क्षेत्र में भी प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कबाड़ व्यवसायी सियाराम और मदनलाल द्वारा लगभग 50 डिसमिल जमीन पर बनाए गए दो अवैध कबाड़ यार्डों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। दोनों स्थानों पर शासकीय जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से कबाड़ कारोबार संचालित किया जा रहा था।
अवैध कारोबारियों को मिला कड़ा संदेश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण कर बिना अनुमति किसी भी प्रकार का अवैध व्यवसाय संचालित करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने कहा है कि आगे भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध कब्जों और अवैध कबाड़ यार्डों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई से अवैध कारोबार करने वालों को कड़ा संदेश मिला है कि शहर में अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा में प्रशासन का बड़ा एक्शन: अवैध कबाड़ कारोबारियों पर चला बुलडोजर, कई अवैध यार्ड किए गए ध्वस्त">


















