
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 मार्च 2026।
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ तथा जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर Dr. Sanjay Kannauje ने सोमवार को जिला चिकित्सालय सारंगढ़ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का बारीकी से अवलोकन किया और वहां भर्ती मरीजों, महिलाओं तथा बच्चों से सीधे संवाद कर उनके स्वास्थ्य, इलाज और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर की यह संवेदनशील पहल मरीजों और उनके परिजनों के लिए भरोसा और आत्मविश्वास बढ़ाने वाली साबित हुई।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शिशु वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, नर्स रूम तथा सुपोषण केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती छोटे बच्चों से बड़ी आत्मीयता के साथ बातचीत की और उनसे पूछा कि उन्हें क्या परेशानी है, इलाज ठीक से मिल रहा है या नहीं, तथा उनकी पढ़ाई और परीक्षा कैसी चल रही है। कलेक्टर का यह सहज और अपनापन भरा व्यवहार बच्चों और उनके परिजनों के लिए सुखद अनुभव रहा।
महिलाओं और बच्चों की सेहत पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने प्रसव के बाद भर्ती महिलाओं से भी मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य तथा नवजात शिशुओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ से कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और हर मरीज को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।
सुपोषण केंद्र में उन्होंने महिलाओं से बच्चों के पोषण, खानपान और स्वास्थ्य में सुधार को लेकर चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि कुपोषण को समाप्त करना शासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने महिलाओं को संतुलित आहार और बच्चों की नियमित देखभाल के महत्व के बारे में भी समझाया।
व्यवस्थाओं की सराहना, बेहतर सेवाओं के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता और मरीजों की सुविधा को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल, सीएमएचओ डॉ. एफ.आर. निराला, डिप्टी कलेक्टर उमेश साहू, शिक्षा शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिले के नागरिकों का कहना है कि कलेक्टर डॉ. कन्नौजे के ऐसे नियमित निरीक्षणों से स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार हो रहा है और आम जनता को बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है। प्रशासन की यह संवेदनशील पहल जिले में सुशासन और जनकल्याण की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आ रही है।

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे की संवेदनशील पहल: जिला चिकित्सालय सारंगढ़ का औचक निरीक्षण, मरीजों से सीधे संवाद कर जाना हालचाल">

















