
कटघोरा | 17 जनवरी 2026
कटघोरा अनुविभाग अंतर्गत जुराली घाट के पास अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध प्रशासन ने आज कड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं में हड़कंप मचा दिया। एसडीएम कटघोरा श्री तन्मय खन्ना (आईएएस) के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर अवैध गतिविधियों पर करारा प्रहार किया।
निरीक्षण के दौरान जुराली घाट क्षेत्र में 6 से 7 ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत उत्खनन करते पाए गए। प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही वाहन चालक ट्रैक्टर छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान एसडीएम श्री तन्मय खन्ना ने तत्परता और साहस दिखाते हुए नदी पार कर दूसरे छोर पर उत्खनन कर रहे एक ट्रैक्टर को मौके पर ही पकड़ लिया।
पकड़े गए ट्रैक्टर का वाहन क्रमांक CG 12 BU 6784 है, जिसकी नंबर प्लेट पर “श्री कृष्णा ट्रैक्टर” अंकित पाया गया। ट्रैक्टर को ट्रिप रेत सहित जप्त कर विधिवत जप्तिनामा तैयार किया गया तथा थाना सुपुर्द किया गया। प्राथमिक जांच में ट्रैक्टर भरत प्रजापति का होना बताया गया है।
कार्रवाई के दौरान अन्य ट्रैक्टर चालक अपने वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। भागते समय कुछ चालकों ने मोबाइल फोन भी छोड़ दिए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। इन मोबाइलों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश थाना प्रभारी को दिए गए हैं।
एसडीएम श्री तन्मय खन्ना एवं तहसीलदार कटघोरा ने दो टूक कहा कि क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




















