
कोरबा, 10 अप्रैल 2026/
जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोरबा द्वारा 13 अप्रैल 2026 को प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यह कैम्प युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है।
इस प्लेसमेंट कैम्प में प्रतिष्ठित नियोजक परिश्रम ह्यूमन रिसोर्स, कोरबा एवं आईटीएम एडुटेक ट्रेनिंग प्राइवेट लिमिटेड, कोरबा द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। जारी जानकारी के अनुसार, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्निशियन के 50 पद एवं सेल्स मैनेजर के 78 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक एवं आईटीआई निर्धारित की गई है, जबकि आयु सीमा 18 से 35 वर्ष रखी गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 से 30,000 रुपये तक का वेतन प्रदान किया जाएगा।
प्लेसमेंट कैम्प में भाग लेने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों का रोजगार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.erojgar.cg.gov.in पर पंजीयन होना अनिवार्य है। पंजीयन के पश्चात अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के पदों का चयन करना होगा। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक पंजीयन नहीं किया है, वे भी उक्त वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीयन कर सकते हैं।
कैम्प में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन, पासपोर्ट साइज फोटो एवं अनुभव प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय, कोरबा के दूरभाष नंबर 07759-222069 पर संपर्क कर सकते हैं या विभाग के टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ सकते हैं।
यह प्लेसमेंट कैम्प युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

















