
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 मार्च 2026।
जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरिया पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने आर्टिगा कार में गांजा परिवहन और स्विफ्ट डिजायर कार से पायलटिंग कर रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 125 किलो 07 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
━━━━━❖ मुखबिर सूचना पर हुई घेराबंदी, दोनों वाहन पकड़े गए ❖━━━━━
मिली जानकारी के अनुसार 19 मार्च 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान सरिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से गांजा लेकर एक सफेद आर्टिगा कार मध्यप्रदेश के शहडोल की ओर जा रही है, जबकि उसके आगे-आगे एक स्विफ्ट कार पायलटिंग कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने भुलुमुड़ा-सरिया मेन रोड पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया।
━━━━━❖ कार की तलाशी में मिला भारी मात्रा में गांजा ❖━━━━━
आर्टिगा कार की तलाशी लेने पर उसमें 120 पैकेट में भरा 125 किलो 07 ग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं पायलटिंग कर रही स्विफ्ट डिजायर कार में सवार आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा के सोनपुर से गांजा खरीदकर मध्यप्रदेश के शहडोल में बिक्री करने ले जा रहे थे।
━━━━━❖ 33 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त ❖━━━━━
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक आर्टिगा कार (करीब 15 लाख रुपये), एक स्विफ्ट डिजायर कार (करीब 5 लाख रुपये) और 4 मोबाइल फोन (करीब 95 हजार रुपये) जब्त किए हैं। जब्त कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 33 लाख 45 हजार रुपये बताया जा रहा है।
━━━━━❖ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज ❖━━━━━
पांचों आरोपियों के खिलाफ थाना सरिया में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में पूर्णानंद सिंह उर्फ राहुल (शहडोल), हिमांशु अग्रवाल, देवेंद्र खांडे, ऋषि सिंह और विनय कुमार मर्श्राम (सभी अनुपपुर, मध्यप्रदेश) शामिल हैं।
━━━━━❖ पुलिस टीम की सतर्कता से मिली सफलता ❖━━━━━
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय एवं अनुविभागीय अधिकारी संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में की गई। इस दौरान सरिया थाना स्टाफ और साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा।
━━━━━❖ नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी ❖━━━━━
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के जाल से मुक्त किया जा सके।




















