
कोरबा, 20 मार्च 2026।
जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने जिलेभर में अचानक दबिश दी, जिससे अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। इस कार्रवाई के दौरान कुल 34 वाहनों को जब्त कर संबंधित प्रकरण दर्ज किए गए।
खनिज विभाग के अनुसार पोड़ी-उपरोड़ा के पोड़ी और पसान क्षेत्रों में अवैध परिवहन करते पाए गए पांच वाहनों पर कार्रवाई की गई। कटघोरा क्षेत्र में आठ ट्रैक्टर और एक हाईवा को अवैध परिवहन में लिप्त पाए जाने पर जब्त किया गया। कोरबा क्षेत्र में नौ वाहन और एक जेसीबी मशीन को अवैध उत्खनन और परिवहन करते हुए पकड़ा गया। पाली क्षेत्र में छह वाहनों पर प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि भैसमा क्षेत्र में एक चैन-माउंट मशीन, तीन हाईवा और एक अन्य प्रकरण में कार्रवाई की गई।
सभी मामलों में खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पूर्व में भी खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। 1 मार्च से 19 मार्च 2026 के बीच अवैध भंडारण के दो, अवैध उत्खनन के नौ और अवैध परिवहन के 31 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 13 लाख 36 हजार 427 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 376 प्रकरण दर्ज कर 98 लाख 51 हजार 922 रुपये की वसूली की जा चुकी है।
आज के अभियान में मिट्टी, मुरूम, ईंट, रेत और कोयला जैसे खनिजों से जुड़ी अवैध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन से न केवल राजस्व की हानि होती है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचता है, इसलिए इस पर सख्ती जरूरी है।
अलग-अलग अनुभागों में भी कड़ी कार्रवाई की गई। कोरबा अनुभाग में एसडीएम सरोज महिलांगे के नेतृत्व में ग्राम चिचोली में छापेमारी कर सात ट्रैक्टर जब्त किए गए। कोरबा तहसील में दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी को अवैध उत्खनन करते पकड़ा गया। पाली अनुभाग में पांच ट्रैक्टर जब्त किए गए, जबकि कटघोरा अनुभाग में सात ट्रैक्टरों पर कार्रवाई हुई। इसी तरह पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्र में भी पांच प्रकरण दर्ज कर तीन ट्रैक्टर पोड़ी और दो ट्रैक्टर पसान से जब्त किए गए।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध खनन से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में भी ऐसे सघन अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और जिले में कानून व्यवस्था तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सके।




















