
कोरबा, 28 मार्च 2026। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने जिला खनिज न्यास अंतर्गत स्वीकृत स्वास्थ्य विभाग के निर्माण कार्यों की प्रगति का गहन मूल्यांकन करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदारों को दो टूक निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। कई स्थानों पर महीनों से कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि समय-सीमा के बाद भी अधूरे कार्य पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कलेक्टर दुदावत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन भवनों का निर्माण किया जा रहा है, इसलिए इनका समय पर पूर्ण होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देशित किया कि बारिश से पहले सभी निर्माण कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। साथ ही ठेकेदारों को अतिरिक्त मजदूर लगाकर कार्य की गति तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पीडब्ल्यूडी के ईई जी.आर. जांगड़े सहित एसडीओ और सब-इंजीनियर उपस्थित रहे। कलेक्टर ने लगभग 30 निर्माणाधीन स्वास्थ्य भवनों की समीक्षा करते हुए लालपुर, माचाडोली, अमलीकुंडा, सेमरा, चाकाबुड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों के कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पानी की समुचित व्यवस्था के लिए बोरिंग और टाइल्स का कार्य अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए।
इसके साथ ही कलेक्टर ने चिर्रा–श्यांग मार्ग निर्माण की भी समीक्षा करते हुए संबंधित ठेकेदार को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की तकनीकी या भुगतान संबंधी समस्या हो तो तत्काल अवगत कराएं, ताकि प्रशासन स्तर पर शीघ्र समाधान किया जा सके।
कलेक्टर कुणाल दुदावत की सख्ती और संवेदनशीलता का यह संतुलित दृष्टिकोण जिले में विकास कार्यों को नई गति दे रहा है। उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में तेज़ी से काम हो रहा है, जिससे आने वाले समय में ग्रामीण अंचलों तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकेंगी।

निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों निर्माण कार्य – कलेक्टर कुणाल दुदावत">


















