
कटघोरा। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में उपजेल कटघोरा में आज दिनांक 28 मार्च 2026 को जेल प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से एक व्यापक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शासन की जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों के स्वास्थ्य की समुचित जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना रहा।
शिविर के दौरान बंदियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, दंत जांच तथा नेत्र परीक्षण किया गया। साथ ही नवप्रवेशित बंदियों का अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं एचआईवी जांच भी कराई गई, जिससे संभावित बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार संभव हो सके। इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 68 बंदियों ने लाभ प्राप्त किया, जो प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता और संवेदनशीलता को दर्शाता है।

कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दंत चिकित्सक डॉ. तृप्ति दिनेश नाग, नेत्र सहायक अधिकारी अन्नपूर्णा कश्यप, आर.एम.ए. डॉ. राजकुमार यादव, लैब टेक्नीशियन नूतन साहू, आईसीटीसी काउंसलर अमृत जगत, दंत सहायक राज कुमार पटेल तथा उपजेल कटघोरा के फार्मासिस्ट शैलेन्द्र कुमार केला की उपस्थिति में शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
जेल प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की इस संयुक्त पहल को बंदियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शासन की मंशा के अनुरूप इस प्रकार के आयोजन न केवल बंदियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानवता और संवेदनशील प्रशासन की मिसाल भी प्रस्तुत करते हैं।

कटघोरा उपजेल में स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन, 68 बंदियों को मिला लाभ">


















