
कोरबा, 20 मार्च 2026।
विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर जिले में जागरूकता और अधिकारों की समझ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय पंचवटी विश्राम गृह में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग के निर्देशानुसार जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, कोरबा के तत्वाधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि सभापति नूतन सिंह ठाकुर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश नाग विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष रंजना दत्ता ने स्वागत उद्बोधन देते हुए उपभोक्ता अधिकारों की महत्ता पर प्रकाश डाला और लोगों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर संजू देवी राजपूत, सीईओ दिनेश नाग एवं सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने उपभोक्ता संरक्षण कानूनों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के दौर में उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या अनुचित व्यापारिक व्यवहार का शिकार न बनें।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय स्टेट बैंक के टेक्निकल हेड ने बैंकिंग क्षेत्र में हो रही धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला और उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी। वहीं, साइबर थाना के आरक्षक ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन सुरक्षा के महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए और लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता अरूणा जैन, कल्पना पांडेय, अरूणा श्रीवास्तव, रूचिका कल्ला, सावित्री धांधी, शिल्पा दाण्डेकर और दीपा राठौर शामिल रहीं। इन सभी को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन उपभोक्ता आयोग की सदस्य ममता दास ने कुशलता से किया, जबकि आभार प्रदर्शन सदस्य पंकज कुमार देवड़ा द्वारा किया गया। पूरे आयोजन के दौरान उपभोक्ता अधिकारों, उनकी सुरक्षा और जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।
यह कार्यक्रम न केवल जानकारीवर्धक रहा, बल्कि समाज में उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक पहल भी साबित हुआ।




















