
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 फरवरी 2026/
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 का आयोजन सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पूरी पारदर्शिता, अनुशासन और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। जिले के कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने रविवार को सभी परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिले में इस प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा के लिए शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय महाविद्यालय सारंगढ़, सीपीएम महाविद्यालय सारंगढ़ तथा पीएम श्री सेजेस स्कूल सारंगढ़ को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने प्रत्येक केंद्र पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा कक्षों की स्थिति, सीसीटीवी निगरानी तथा आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन की बारीकी से समीक्षा की।
जिले में कुल 1440 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से प्रथम पाली में 1201 एवं द्वितीय पाली में 1187 परीक्षार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। सभी केंद्रों पर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के नियमों का कड़ाई से पालन कराया गया। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुशासनहीनता की सूचना नहीं मिली, जिससे परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रही।
उल्लेखनीय है कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में परीक्षा केंद्र बनाए जाने का निर्णय विद्यार्थियों के हित में मील का पत्थर साबित हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की इस पहल से न केवल जिले बल्कि आसपास के दूरस्थ क्षेत्रों के परीक्षार्थियों को भी बड़ा लाभ मिला है। पहले जहां अभ्यर्थियों को अन्य जिलों में परीक्षा देने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं अब समय और संसाधनों की बचत के साथ परीक्षा देना संभव हो पाया है।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षाओं की पवित्रता और निष्पक्षता सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का दायित्व है कि प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान परीक्षार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
जिला प्रशासन सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जिला खनिज न्यास मद (DMF) से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था भी की जा रही है। इस पहल से क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिल रहा है और वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर पा रहे हैं।
सीजी पीएससी राज्य सेवा परीक्षा 2025 का सफल आयोजन जिला प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्थाओं, कलेक्टर की सख़्त निगरानी और प्रशासनिक समन्वय का प्रत्यक्ष प्रमाण है, जिसने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला सुशासन और प्रशासनिक दक्षता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।



















