
कोरबा, 23 फरवरी 2026/
जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध प्रशासन ने कड़े तेवर अपनाते हुए बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटघोरा तन्मय खन्ना के मार्गदर्शन एवं प्रत्यक्ष उपस्थिति में आज तहसील दर्री अंतर्गत ग्राम केंदाईख़ार में शासकीय भूमि पर बनाए गए अवैध फ़ार्म हाउसों एवं व्यावसायिक संरचनाओं को हटाया गया।
प्रशासन को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि ग्राम केंदाईख़ार क्षेत्र में बड़े झाड़ के जंगल मद की शासकीय भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर फ़ार्म हाउस बनाए गए हैं और उनका व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग द्वारा जांच कराई गई, जिसमें अतिक्रमण की पुष्टि हुई।
इसके पश्चात 09 फरवरी 2026 को अतिक्रमणकारियों को विधिवत बेदख़ली नोटिस जारी कर 15 फरवरी 2026 तक स्वयं कब्जा हटाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके निर्धारित समय-सीमा तक न तो कब्जा हटाया गया और न ही प्रशासनिक आदेशों का पालन किया गया। आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए आज 23 फरवरी 2026 को प्रशासन ने सख़्त रुख अपनाते हुए संयुक्त कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार दर्री, तहसीलदार दीपका, तहसीलदार कटघोरा, नायब तहसीलदार दर्री, पुलिस विभाग तथा नगर निगम के अधिकारियों की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। पुलिस बल की तैनाती के साथ अवैध रूप से निर्मित फ़ार्म हाउसों, शेडों एवं अन्य व्यावसायिक संरचनाओं को हटाकर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण लेकिन सख़्ती के साथ नियमानुसार संपन्न कराई गई।
एसडीएम श्री तन्मय खन्ना ने मौके पर स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, निर्माण या व्यावसायिक गतिविधि किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा पहले नोटिस देकर पर्याप्त अवसर दिया गया था, किंतु आदेशों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई करना आवश्यक हो गया।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जिले में शासकीय भूमि की नियमित निगरानी की जा रही है और भविष्य में भी इस प्रकार के अतिक्रमण पाए जाने पर बिना किसी दबाव या भेदभाव के कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख़्त कार्रवाई से क्षेत्र में अन्य अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न करें और यदि कहीं अतिक्रमण की जानकारी हो तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

अवैध फ़ार्म हाउसों पर प्रशासन की सख़्त कार्रवाई, ग्राम केंदाईख़ार में शासकीय भूमि से बेजा कब्जा हटाया गया">


















